गणेश मंदिर से एम्प्रेस मॉल तक वॉकिंग ट्रैक का काम जल्द शुरू करने के निर्देश
नागपुर, 28 मार्च: मध्य नागपुर के विधायक प्रवीण दटके और मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने शनिवार सुबह गांधीसागर तालाब और उद्यान परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने गणेश मंदिर, नातीक चौक से एम्प्रेस मॉल तक प्रस्तावित वॉकिंग ट्रैक का काम जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।
नगर निगम की सर्वसाधारण सभा में वरिष्ठ पार्षद बंडू राऊत और मनोज साबळे ने गांधीसागर तालाब के अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया था, जिस पर महापौर ने अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत आयुक्त डॉ. विपीन ने पूरे परिसर का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रवीण दटके, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी, वरिष्ठ पार्षद बंडू राऊत, मनोज साबळे, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बैनर्जी, कार्यकारी अभियंता राजेश दुफारे, अनिल गेडाम, राजेंद्र राठौड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण में तालाब के चारों ओर की स्थिति का अवलोकन किया गया। आयुक्त ने रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) और खाऊ गली के विकास कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों के मनोरंजन और सुविधा के लिए फाउंटेन और लाइट शो शुरू करने की योजना पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने विधायक और आयुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

Users Today : 39