कांग्रेस में बढ़ती अंदरूनी कलह, कार्यकर्ता असमंजस में चुनाव में हार के बाद पार्टी में बड़ी टूट की आशंका कई पदाधिकारी और निगम प्रतिनिधि BJP के संपर्क में
कांग्रेस नेताओं ने शुरू किया ‘कांग्रेस बचाव अभियान’
महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का आरोप
नागपुर, 01 दिसंबर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच गंभीर मतभेद उभरकर सामने आए हैं, जिसके चलते पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में गहरी भ्रम की स्थिति बन गई है। स्थानीय निकाय चुनाव में हुई हार के बाद कांग्रेस में आगे और बड़ी टूट होने की आशंका उसके नेताओं के भीतर बढ़ती जा रही है। इसी स्थिति को छुपाने के लिए कांग्रेस नेता अब ‘कांग्रेस बचाव अभियान’ के नाम पर भ्रामक और गलत नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह आरोप महाराष्ट्र के महसूल मंत्री एवं नागपुर-अमरावती जिले के प्रभारी मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान लगाया।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले द्वारा भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए बावनकुले ने कहा,
“भाजपा ऐसी राजनीति में शामिल नहीं होती। नाना पटोले बहुत कम अंतर से जीतकर आए हैं, इसलिए वे हताशा में इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उनके क्षेत्र के कई कार्यकर्ता पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं। आज कांग्रेस कमजोर होती जा रही है और कई पदाधिकारी, नगर प्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता भाजपा के संपर्क में हैं। आने वाले समय में वे भाजपा में शामिल होंगे। इसी डर से कांग्रेस नेता झूठे मुद्दे उछाल रहे हैं।”
महायुति में मतभेदों के सवाल पर बावनकुले ने कहा,
“कुछ स्थानों पर दोस्ताना मुकाबला है, लेकिन कोई मनमुटाव नहीं है। समन्वय के माध्यम से गठबंधन को मजबूती देंगे। 2 दिसंबर के बाद सभी विवाद समाप्त हो जाएंगे।”
भाजपा के चुनाव सर्वेक्षण को लेकर उन्होंने कहा,
“जैसे विधानसभा चुनाव में 3 करोड़ 18 लाख वोटों के आधार पर सरकार बनी, वैसे ही निकाय चुनावों में भी भाजपा दो-तिहाई बहुमत से जीत हासिल करेगी—इसका पूर्ण विश्वास है।”
चुनाव आयोग के हालिया निर्णय पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा,
“मतदान के सिर्फ 48 घंटे पहले ऐसा निर्णय लेना समझ से परे है। यह फैसला किस नियम के तहत लिया गया, इसकी जांच आवश्यक है। यदि यह विचार कुछ दिन पहले किया जाता, तो इतनी जटिलता नहीं बनती। मतदान से ठीक एक दिन पहले अचानक बड़ा फैसला लेना उचित नहीं है।”
शहाजी बापू पाटिल के कार्यालय पर हुई कार्रवाई पर उन्होंने कहा,
“यदि किसी ने शिकायत की है, तो आयोग को कार्रवाई करनी ही होती है। इसे किसी के दबाव में लिया गया निर्णय कहना गलत है।”
अंत में उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार 2047 तक आधुनिक और विकसित नगर प्रशासन व्यवस्था का रोडमैप तैयार कर चुकी है।
उन्होंने जनता से अपील की—
“इस विज़न को साकार करने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें।”
Users Today : 18