इकोनॉमिक्स एक्सप्लोज़िव्स कंपनी परिसर ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ घोषित
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नागपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन के सख्त सुरक्षा आदेश
नागपुर, 16 जनवरी:
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का रविवार, 18 जनवरी को नागपुर दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे शिवा (सावंगा) स्थित इकोनॉमिक्स एक्सप्लोज़िव्स कंपनी का दौरा करेंगे। इस पृष्ठभूमि में सुरक्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने कंपनी के संपूर्ण परिसर को ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया है।
जिला कलेक्टर डॉ. विपिन इटनकर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार,
17 जनवरी 2026 की रात 12:01 बजे से 18 जनवरी 2026 की रात 12:00 बजे तक
इकोनॉमिक्स एक्सप्लोज़िव्स कंपनी परिसर में नो-फ्लाई ज़ोन लागू रहेगा।
इस अवधि के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री के आधिकारिक हेलिकॉप्टर को छोड़कर किसी भी अन्य हवाई साधन की उड़ान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही ड्रोन के उड़ान और उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अत्यावश्यक परिस्थितियों में ड्रोन के उपयोग के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों और संबंधित विभागों से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आदेशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
Users Today : 11