रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई
‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत 60.750 किलोग्राम गांजा बरामद
नागपुर | 24 जनवरी 2026
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर मंडल ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12810) से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 60.750 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 30.37 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री मुनव्वर खुर्शीद के निर्देशन तथा नागपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ नागपुर की अपराध गुप्तचर शाखा (सीआईबी) ने खात से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच A-1 में बर्थ संख्या 01 और 06 के नीचे रखे गए चार पिट्ठू बैग और दो ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में पाए गए। तलाशी लेने पर इनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला।
आसपास पूछताछ करने पर दो यात्रियों ने बैग अपना होना स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान चंदेश्वर पासवान (41 वर्ष) और बिक्की कुमार (19 वर्ष), दोनों निवासी जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने गांजा की अवैध तस्करी स्वीकार की।
समस्त वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दोनों आरोपियों को बरामद मादक पदार्थ सहित जीआरपी इतवारी को सौंप दिया गया। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 20(b)(ii) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि रेल गाड़ियों, स्टेशनों या स्टेशन परिसर में यदि कोई लावारिस अथवा संदिग्ध सामान दिखाई दे तो तुरंत आरपीएफ, रेलवे कर्मचारियों या हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।
Users Today : 8