इंडिगो की कोचीन-से-दिल्ली फ्लाइट को बम की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई
नागपुर, 17 जून 2025 — इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-2706, जो कोचीन से दिल्ली जा रही थी, को आज सुबह बम की धमकी के चलते नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में 157 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे।
कोचीन एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा उड़ान के दौरान विमान को संभावित बम की धमकी के बारे में सूचित किया गया। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए विमान को नागपुर डायवर्ट किया और विमान को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:23 बजे सुरक्षित रूप से नागपुर हवाई अड्डे पर उतारा गया।
विमान की लैंडिंग के बाद, सुरक्षा संबंधी सभी मानक प्रक्रियाएं तत्परता और सावधानीपूर्वक लागू की गईं। सभी यात्रियों को त्वरित रूप से विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके पश्चात CISF के एयरपोर्ट सेक्योरिटी ग्रुप और नागपुर पुलिस की बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल स्क्वाड (BDDS) टीम ने इंडिगो के सुरक्षा और इंजीनियरिंग कर्मियों की उपस्थिति में संपूर्ण विमान और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की अनुमति के बाद विमान को पुनः उड़ान के लिए क्लियर किया गया। सुरक्षा जांच के बाद सभी 157 यात्री और 6 क्रू सदस्य दोपहर 3:10 बजे नागपुर से रवाना हुए।
इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि, संपत्ति को क्षति या परिचालन में कोई बाधा नहीं आई। MIHAN इंडिया लिमिटेड के प्रबंधन ने CISF, नागपुर पुलिस BDDS यूनिट, Subsidiary Intelligence Bureau, इंडिगो एयरलाइंस, ARFF विभाग और सोनेगांव पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर स्थिति को शांतिपूर्वक और कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया।
प्रशासन द्वारा बम की धमकी के स्रोत की जांच जारी है।
Users Today : 32