क्या ट्राफिक नियम सिर्फ आम नागरिकों के लिए?
बड़ी संस्थाओं पर कार्रवाई में ट्राफिक पुलिस की सुस्ती, फुटपाथ पर बढ़ता अतिक्रमण!
नागपुर, 28 मई 2025: नागपुर शहर में ट्राफिक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। हर ज़ोन में वाहन उठाने के लिए पिकअप वैन मौजूद हैं जो गलत पार्किंग करने वालों से लिफ्टिंग चार्ज वसूलती हैं। मगर यह सख्ती आम नागरिकों तक ही सीमित रह गई है — बड़ी संस्थाओं और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते समय ट्राफिक पुलिस की तत्परता कम नजर आती है।
—
फुटपाथ पर पार्किंग, ट्राफिक नियमों का खुलेआम उल्लंघन!
ट्राफिक पुलिस के ऑफिस के सामने ही नियमों की अनदेखी, होटल प्राइड के बाहर टू-व्हीलर की भरमार
सोनेगांव ट्राफिक झोन कार्यालय के सामने ही नियमों की धज्जियाँ उड़ रही हैं। होटल प्राइड के बाहर फुटपाथ पर दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से न केवल पैदल यात्री परेशान हैं, बल्कि यह ट्राफिक नियमों की सीधी अनदेखी भी है।
गौरतलब है कि नागपुर ट्राफिक पुलिस ने कुछ समय पहले “फ्रीडम फुटपाथ योजना” शुरू की थी, जिसके अंतर्गत फुटपाथ पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। नियम तोड़ने वालों पर फाइन और फुटपाथ पर बैठने वाले फेरीवालों पर भी कार्रवाई हुई थी। परंतु ट्राफिक ऑफिस के सामने ही यदि नियमों का पालन नहीं हो रहा है, तो अन्य जगहों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

—
कोराडी रोड पर भी स्थिति गंभीर — मैक्स हॉस्पिटल पर सवाल
कोराडी रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सामने फुटपाथ पर रोजाना गाड़ियाँ पार्क की जाती हैं। मरीजों के रिश्तेदारों द्वारा खड़ी की गई गाड़ियों से पैदल चलने वालों को काफी परेशानी होती है। बावजूद इसके यहाँ कभी भी ट्राफिक पुलिस की क्रेन या लिफ्टिंग वैन नहीं दिखाई देती।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जब भी मीडिया में खबर छपती है तो एक-दो दिन के लिए कार्रवाई होती है, पर उसके बाद सब कुछ पहले जैसा हो जाता है। यह रवैया बताता है कि ट्राफिक नियमों को लेकर दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।

—
जनता का सवाल: क्या ट्राफिक पुलिस सबके लिए बराबर?
➡ क्या नियम सिर्फ आम जनता पर लागू होते हैं?
➡ क्या प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई से पुलिस बचती है?
➡ क्या “फ्रीडम फुटपाथ” सिर्फ कागज़ों पर है?
—
नागरिकों की माँग: नियम सब पर एकसमान लागू हों
शहरवासियों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि फुटपाथ को वाहन पार्किंग और अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए। नियमों का पालन सभी पर समानरूप से हो — आम नागरिक हो या बड़ी संस्था।
Users Today : 1