माँ उमिया ट्रांसपोर्ट सिटी में स्वच्छता पखवाड़ा और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन
नागपुर | विशेष संवाददाता
कापसी स्थित माँ उमिया ट्रांसपोर्ट सिटी में स्वच्छ भारत, हरित भारत, सुंदर भारत के संकल्प को साकार करते हुए स्वच्छता पखवाड़ा बड़े उत्साह और सहभाग के साथ मनाया गया। भारत पेट्रोलियम और महालक्ष्मी ऑटो सर्विसेस (बीपीसीएल पेट्रोल पंप) के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रेरणादायी उपक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के परिवहन व्यवसायी, ट्रक चालक, सफाई कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। पखवाड़े के दौरान 14 जुलाई को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण जैसी जांच की गई और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता रैली से हुई। रैली में ट्रांसपोर्ट सिटी के वाहतूकदार, चालक एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साफ-सफाई के महत्व का संदेश पूरे क्षेत्र में फैलाया। इसके अलावा चित्रकला प्रतियोगिता और संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वच्छता के साथ-साथ शारीरिक तंदुरुस्ती के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
संवाद सत्र में क्षेत्र की सरपंच तुलसाबाई शेंद्रे, पूर्व सरपंच शामराव अडोले, नागपुर ट्रेलर ओनर्स यूनियन के सुधीर कापसे, नागोराव वाघ, शेषमणी मिश्रा, पीएसआई दादाराव कारेमोरे और बीपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी अनिल मोरे उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि परिवहन क्षेत्र में कार्यरत लोगों को अक्सर स्वास्थ्य की अनदेखी करनी पड़ती है, ऐसे में इस तरह के शिविर उनके लिए वरदान साबित होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भूपेंद्र देवांगन (स्मार्ट फ्लीट ऑफिसर, बीपीसीएल), गणेश भोयर (बीपीसीएल), कोमल वासनिक (बीपीसीएल), दीपेश पटेल व दीपक पटेल (संचालक, महालक्ष्मी पेट्रोल पंप) और अपोलो टायर हेल्थ केयर सेंटर के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
क्षेत्र के नागरिकों ने भी इस उपक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहने चाहिए ताकि ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े श्रमिकों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य सुरक्षित और मजबूत रह सके। स्वच्छता और स्वास्थ्य के इस सुंदर संगम ने माँ उमिया ट्रांसपोर्ट सिटी को एक प्रेरणादायी उदाहरण बना दिया है।
Users Today : 37