‘मिट्टी में हाथ, दिल वतन के साथ’ – सीआईओ के वृक्षारोपण अभियान का सफल समापन
नागपुर : जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के बाल संगठन चिल्ड्रन इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (सीआईओ) द्वारा संचालित राष्ट्रीय पर्यावरण अभियान का सफल समापन नागपुर में हुआ। ‘मिट्टी में हाथ, दिल वतन के साथ’ के नारे के साथ 25 जून से शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से देशभर में 10 लाख पौधों का रोपण और उनकी देखभाल का संकल्प पूरा किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना, वृक्षारोपण का महत्व समझाना और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। सीआईओ का मानना है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर बच्चे पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
नागपुर में आयोजित कार्यक्रम
नागपुर में सीआईओ ने 1000 पौधों का वृक्षारोपण किया। विभिन्न स्कूलों में बच्चों को पौधे भेंट किए गए और वृक्षारोपण के महत्व पर जागरूकता अभियान चलाया गया। श्रीमती दादीबाई देशमुख हिंदू गर्ल्स स्कूल, महाल मराठी मीडियम स्कूल, पन्नालाल देवडिया विद्यालय, शांति नगर मिल्लद उर्दू उच्च प्राथमिक स्कूल, रोशन स्कूल, किदवई विद्यालय, खापरखेडा, दहेगांव और अन्य स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अलावा अविष्कार कॉलोनी, राजाराम सोसायटी, गणेशपेठ व यशोधरानगर पुलिस स्टेशन, गुरुदेव सेवा मंडल में वृक्षारोपण किया गया। बच्चों ने पांडे नर्सरी में पौधों की देखभाल का प्रशिक्षण लिया। साथ ही ग्रीन वीडियो मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नमंजूषा और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
अभियान का व्यापक प्रभाव
सीआईओ और जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के पदाधिकारियों और बच्चों ने जगह-जगह वृक्षारोपण की शपथ ली। “हर हाथ में पौधा, हर दिल में वतन” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इस अभियान की जानकारी अखबारों, न्यूज़ चैनलों, डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर आयोजित पत्रकार परिषद में डॉ. एम. ए. रशीद (मीडिया सचिव, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, नागपुर) ने अभियान की पूरी जानकारी विस्तार से दी।

पत्रकार परिषद में उपस्थित
पत्रकार परिषद में अम्मार सिद्दीकी, अशद खान, तल्हा, जुनैरा, मेंटर्स डॉ. सादिया और शगुफ्ता, तथा महिला विभाग की शहर अध्यक्ष बेनज़ीर खान मौजूद रहीं।
अभियान की सफलता के बाद सीआईओ ने जनता से अपील की कि “हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे, क्योंकि जब हर कोई एक-एक पौधा लगाएगा तो करोड़ों पौधे लगेंगे और देश हरा-भरा व सुरक्षित बनेगा।”
जागरूकता बढ़ाएं, जीवन बचाएं: विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर महत्वपूर्ण अपील
Users Today : 8