12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025: नागपुर विभाग के रिजल्ट में गिरावट, राज्य में आठवां स्थान बरकरार
नागपुर: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल के नागपुर विभाग का 12वीं का रिजल्ट इस वर्ष पिछले दो वर्षों की तुलना में 1.6 प्रतिशत कम दर्ज हुआ है। लगातार तीसरे साल नागपुर विभाग राज्य में आठवें स्थान पर है। इस वर्ष विभाग का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.52% रहा है। लड़कियों का सफलता प्रतिशत लड़कों की तुलना में फिर से अधिक रहा।
विभागीय अध्यक्ष चिंतामन वंजारी ने बताया कि इस बार ‘कॉपीमुक्त अभियान’ के कारण अनुचित साधनों का उपयोग काफी हद तक कम हुआ, जिससे परिणाम में हल्की गिरावट आई है। वर्ष 2022-23 में विभाग का रिजल्ट 90.35%, 2023-24 में 92.12% और अब 2024-25 में 90.52% रहा है।
इस वर्ष परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हुई थी। नागपुर विभाग से कुल 1,52,046 नियमित विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 1,51,116 ने परीक्षा दी और 1,36,805 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। कोरोना काल में नागपुर विभाग का रिजल्ट 97% तक पहुंचा था, लेकिन रियायतें हटने के बाद पिछले तीन वर्षों से परिणाम में गिरावट देखी जा रही है।
जिलानुसार प्रदर्शन:
गोंदिया जिला फिर से अव्वल रहा, जहां सफलता दर 94.04% रही।
सबसे कम रिजल्ट गडचिरोली जिले में 81.77% रहा।
अन्य जिलों का प्रदर्शन:
नागपुर: 93.40%
वर्धा: 89.40%
भंडारा: 87.58%
चंद्रपुर: 89.17%
रिजल्ट:
लड़कियाँ: 93.76% (पिछले वर्ष: 94.46%)
लड़के: 87.41% (पिछले वर्ष: 89.85%)
शाखानुसार परिणाम:
विज्ञान शाखा: 97.96%
वाणिज्य शाखा: 90.02%
कला शाखा: 79.05%
एमसीव्हीसी: 82.81%
IT: 81.44%
Users Today : 2