घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान नागपुर से आरंभ

नागपुर, 10 मई 2025:
देशभर में घरेलू गैस सिलेंडरों के सुरक्षित और विधिसम्मत उपयोग को लेकर ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन द्वारा एक व्यापक और संगठित जनजागरूकता अभियान की शुरुआत नागपुर से की गई है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल नागरिकों को उनके उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, बल्कि गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं और अवैध उपयोग को रोकना भी है।

फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन सोलंके के मार्गदर्शन में यह अभियान 15 राज्यों के 375 जिलों में 10 मई से आगामी 45 दिनों तक चलाया जाएगा। 2,700 से अधिक प्रशिक्षित स्वयंसेवक इस अभियान में भाग ले रहे हैं, जो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल, ढाबों, ऑटो-रिक्शा चालकों और अन्य उपभोक्ताओं से संपर्क कर जागरूकता फैलाएंगे।
कानूनी चेतावनी:
घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक कार्यों में उपयोग अवैध है और यह आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। इसके उल्लंघन पर कानूनी कार्यवाही के साथ-साथ जेल और जुर्माना भी हो सकता है।
हर वर्ष इस तरह के दुरुपयोग के कारण देश में सैकड़ों दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जान-माल का भारी नुकसान होता है। फाउंडेशन ने बताया कि कुछ लोग उज्ज्वला योजना के तहत मिले घरेलू सिलेंडरों का भी गलत प्रयोग कर रहे हैं, जो न केवल गैरकानूनी है, बल्कि नैतिक रूप से भी गलत है।
इस अभियान का उद्घाटन नागपुर के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी श्री पंकज मेश्राम द्वारा किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के परियोजना प्रमुख श्री शुभम रंगारी और श्री रमेश्वर लष्कारे उपस्थित थे। प्रचार प्रमुख श्री प्रशांत जमगाले ने बताया कि इस अभियान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से सीधे संवाद कर जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में श्रीमती पायल मंकार, श्रीमती रुशि मेश्राम और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
फाउंडेशन का आह्वान:
फाउंडेशन ने देशभर के सभी जिला समन्वयकों, पीआरओ, जोनल अधिकारियों और परियोजना प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस जनहित अभियान को सक्रिय रूप से क्रियान्वित करें।
जनसंदेश:
“घरेलू सिलेंडर का करें सही उपयोग — घर के लिए ही इसका अधिकार सुरक्षित है। आइए, मिलकर देश को दुर्घटनामुक्त बनाएं।”
Users Today : 54