नागपुर में मुस्लिम प्रेमी जोड़े का साहसिक कदम
समाजिक बंदिशों को तोड़कर प्रेम विवाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सुरक्षा की गुहार
नागपुर, 16 जुलाई 2025 – समाज की परंपरागत रुढ़ियों और धार्मिक दीवारों को तोड़ते हुए कर्नाटक और महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले एक मुस्लिम प्रेमी युगल ने नागपुर में मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह रचाया है। अपने प्राणों को खतरा बताते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सुरक्षा की मांग की है।
राहील शेख (26 वर्ष, परभणी, महाराष्ट्र) और रबा मोहम्मद अब्दुल मतीन (22 वर्ष, बीदर, कर्नाटक) की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई और धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्रेम में बदल गई। लेकिन रबा के परिवार वालों ने उसकी शादी एक उम्र में बड़े व्यक्ति से तय कर दी थी, जिससे वह सहमत नहीं थी। ऐसे में रबा ने राहील से संपर्क किया और अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद वह बीदर से परभणी पहुँची और वहाँ से दोनों मिलकर नागपुर पहुंचे, जहाँ मुस्लिम रीति से उनका निकाह कराया गया।
कामठी रोड स्थित वंजारा क्षेत्र की मदीना मस्जिद में, हिंदू समाज के कुछ लोगों और मुस्लिम मित्रों की मदद से, मस्जिद के इमाम साहब की उपस्थिति में उनका विवाह संपन्न हुआ।
इस विवाह के बाद पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस प्रेमी जोड़े ने अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने कहा, “हमारे प्रेम को धर्म, जाति और समाज की दीवारों से रोका न जाए। हम सिर्फ शांतिपूर्वक जीवन जीना चाहते हैं। लेकिन हमारे अपने ही परिजन हमारे प्रेम के विरोध में हैं और हमें जान से मारने की धमकी मिल रही है। इसलिए हम सरकार से निवेदन करते हैं कि हमें पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।”
उन्होंने आगे कहा, “नागपुर शहर हमें सुरक्षित और संवेदनशील प्रतीत हुआ, और चूंकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इसी शहर से हैं, इसलिए हमने यहां विवाह करने का निर्णय लिया।” इस प्रेमी युगल ने हैदराबाद हाउस में गृहमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा है और महाराष्ट्र व कर्नाटक के पुलिस महानिदेशकों को भी पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की है।
यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि धर्म और समाजिक बंधनों को तोड़कर प्रेम की सच्ची परिभाषा बताने वाली प्रेरणादायक मिसाल है।
Users Today : 7