“रजोनिवृत्ति सफारी” पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन 9-10 अगस्त को नागपुर और ताडोबा में आयोजित
यूरोजायनेकोलॉजी और महिलाओं के मध्यवयीन स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों की सहभागिता
नागपुर | 06 अगस्त 2025
भारतीय रजोनिवृत्ति सोसायटी की नागपुर शाखा द्वारा 9 और 10 अगस्त को “रजोनिवृत्ति सफारी” नामक पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष सम्मेलन महिलाओं के मध्यवयीन स्वास्थ्य, रजोनिवृत्ति और संबंधित विषयों पर केंद्रित रहेगा, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टरों और अध्यापकों की सहभागिता रहेगी।
सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 9 अगस्त को इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय (IGGMC), नागपुर में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें यूरोजायनेकोलॉजी विषय पर ऑपरेटिव कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला में अहमदाबाद के प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. विनीत मिश्रा यूरोजायनेकोलॉजिकल सर्जरी में नवीनतम तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करेंगे।
10 अगस्त को सम्मेलन ताडोबा स्थित जंगल होम रिसॉर्ट में पूर्ण दिन के लिए आयोजित किया गया है। इस सत्र में रजोनिवृत्ति और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय विशेषज्ञों के व्याख्यान, पैनल चर्चा, तथा पीजी विद्यार्थियों के पेपर और पोस्टर प्रजेंटेशन रखे गए हैं। साथ ही, डॉक्टरों की फिटनेस के लिए अक्वा ज़ुम्बा का एक छोटा सत्र और अतिथि विशेषज्ञों के लिए ताडोबा की जंगल सफारी का भी आयोजन किया गया है।
सम्मेलन की मुख्य अतिथि एफओजीएसआई की उपाध्यक्षा डॉ. कोमल चव्हाण होंगी, जबकि विशिष्ट अतिथियों में इंडियन मेनोपॉज सोसायटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिता शाह और चंद्रपुर की डीएफओ शुभांगी चौहान का समावेश है।
यह सम्मेलन न केवल रजोनिवृत्ति के लक्षणों की पहचान, निदान, उपचार और काउंसलिंग को लेकर जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा, बल्कि इस चरण में महिलाओं के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक कल्याण को सुनिश्चित करने पर भी बल देगा। साथ ही, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के लिए प्रशिक्षण और जीवनभर स्वास्थ्य दृष्टिकोण (life-course approach) अपनाने की वकालत की जाएगी।
IMS नागपुर शाखा की अध्यक्षा डॉ. प्रगती खलतकर इस सम्मेलन की आयोजक अध्यक्ष हैं और उन्हें डॉ. भक्ती गुर्जर, डॉ. विद्या सुतवने, डॉ. आरती वंजारी और डॉ. प्राजक्ता बर्डे की टीम का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है।
इस सम्मेलन से भाग लेने वाले डॉक्टरों को व्यावहारिक ज्ञान की प्राप्ति होगी और रजोनिवृत्त महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा — ऐसी उम्मीद आयोजकों ने व्यक्त की है।
Users Today : 4