📰 सच्ची जन्माष्टमी तब ही होगी जब हम श्रीकृष्ण के समान गुणवान बनेंगे – ब्रह्माकुमारी रजनी दीदी
नागपुर, 17 अगस्त 2025 – वसंतनगर स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेन्द्र पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भजन, नृत्य-नाटिका और श्रीकृष्ण लीलाओं से सजाए गए कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से संबंधित दृष्टांतों को आधुनिक जीवन से जोड़ते हुए यशोदा-नंदलाल, कालिया मर्दन, शिशुपाल वध, बांसुरी वादन जैसी लीलाओं की झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथि श्री राजेश खवले (अॅडीशनल कमिश्नर, रेवेन्यू, नागपुर डिवीजन), श्री प्रकाश महामुनी, आदरणीया ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी रजनी दीदी तथा सह-संचालिका ब्रह्माकुमारी मनिषा दीदी ने दीप प्रज्वलन कर किया।
“सच्ची जन्माष्टमी वही होगी, जब हम अपने भीतर श्रीकृष्ण जैसे गुणों को धारण करेंगे। माखन चुराना, दही-हांडी फोड़ना – इन लीलाओं का भाव है कि हम अपनी कठोर बुद्धि-मटकी को तोड़कर गुणों का माखन ग्रहण करें और गोपालकाला की तरह मिलजुलकर जीवन जिएं।”
मुख्य अतिथि श्री राजेश खवले ने कहा –
“श्रीकृष्ण जीवन के हर रूप में प्रेरणास्रोत रहे हैं। बचपन में मोहक बालक, युवा अवस्था में प्रेमरस से सराबोर और महाभारत के समय अद्वितीय जीवनदर्शन देने वाले योगेश्वर। यह आयोजन मेरे लिए सौभाग्य का अवसर है।”
श्री प्रकाश महामुनी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य असत्य से सत्य की ओर बढ़ना है। थोड़ा-सा भी आध्यात्मिक ज्ञान जीवन को कल्याणकारी बना सकता है।
कार्यक्रम में शिशुपाल वध की झांकी ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में दही-हांडी का आयोजन भी हुआ, जिसने जन्माष्टमी के उल्लास को चरम पर पहुंचा दिया।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सुंदर झांकियों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन बीके स्मिता बहन और बीके करिश्मा बहन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बीके मनिषा दीदी ने किया।



Users Today : 34