पाचगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब भट्टी पर छापा, ₹63 हजार का माल जब्त
नागपुर ग्रामीण (पाचगांव), 12 अप्रैल 2026:
पाचगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के मौजा वडद शिवार में अवैध रूप से महुआ (मोहाफूल) से देसी शराब बनाने वाले अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में कुल 63 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को पाचगांव पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वडद शिवार इलाके में रनिंग भट्टी के माध्यम से अवैध रूप से महुआ की देसी शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी (उमरेड) वृष्टी जैन के मार्गदर्शन में की गई।
छापे के दौरान पुलिस ने मौके से 200 लीटर महुआ रसायन (सड़वा), 50 लीटर तैयार महुआ देसी शराब, तथा भट्टी में उबल रहा 200 लीटर रसायन जब्त किया। इसके अलावा 12 प्लास्टिक और लोहे के ड्रम, जलाऊ लकड़ी, पाइप और शराब बनाने के अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई करते हुए नाशवंत सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस पूरी कार्रवाई में कुल 63,000 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस ने संबंधित महिला आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Users Today : 6