ताजबाग उर्स 2025: पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने बंदोबस्त में तैनात अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
– 103वें उर्स के अवसर पर नागपुर पुलिस का सख्त सुरक्षा बंदोबस्त –

नागपुर | 15 जुलाई 2025
सक्करदरा स्थित ताजबाग में 103वें ताजबाग उर्स के मद्देनज़र नागपुर शहर पुलिस की ओर से व्यापक और बहुपर्यायी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी सिलसिले में आज पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने बंदोबस्त में नियुक्त अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
इस ब्रिफिंग में परिक्षेत्र क्रमांक 4 के पुलिस उपायुक्त, परिक्षेत्र के सभी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक तथा लगभग 500 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. सिंगल ने कहा, “ताजबाग का उर्स नागपुर शहर का एक अत्यंत संवेदनशील और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण आयोजन है। इस दौरान केवल नागपुर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विदर्भ तथा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होते हैं। ऐसे में इस आयोजन के लिए अत्यंत कड़े और संगठित बंदोबस्त की आवश्यकता है।”
उन्होंने अपने निर्देशों में निम्नलिखित बिंदुओं को रेखांकित किया:
प्रेशर पॉइंट्स, बीडीएस दल, झूले-जत्रा और मनोरंजन स्टॉलों के लिए विशेष सुरक्षा योजना।
जनरेटर, विद्युत आपूर्ति और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान।
18 जुलाई को ध्वजारोहण कार्यक्रम की पूर्व तैयारी और 22 जुलाई को मुख्य उर्स कार्यक्रम के लिए रात्रिकालीन योजना सक्रिय।
स्केलेटन बंदोबस्त, वाहनों की व्यवस्था, पार्किंग स्थलों की पहचान, होल्डिंग और क्रिटिकल पॉइंट्स, एंट्री-एग्ज़िट प्वाइंट्स तथा आपातकालीन सुविधाओं का स्पष्ट नियोजन।
श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु वालंटियर्स की सहायता।
बीडीएस और डॉग स्क्वॉड, सीसीटीवी तथा विजुअल ट्रैकिंग यूनिट्स के माध्यम से निगरानी।
संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर पहले से नजर रखकर आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।

बंदोबस्त की संरचना:
बंदोबस्त को दिन और रात की शिफ्टों में विभाजित किया गया है, जो सेक्टरवार नियोजित रहेगा। मुख्य सुरक्षा क्षेत्र में दरगाह का आंतरिक और बाह्य परिसर, डोम एवं वाय पॉइंट से लेकर बुलेट गेट, वाय पॉइंट से शहंशाह चौक, छोटा ताजबाग और हुसैन बाबा दरगाह तक का क्षेत्र शामिल रहेगा। बंदोबस्त का समन्वय “मोठा ताजबाग” स्थित नियंत्रण कक्ष से किया जाएगा।
इस सुरक्षा व्यवस्था में कुल 9 पुलिस निरीक्षक, 70 सहायक पुलिस निरीक्षक / उपनिरीक्षक और 500 पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, पेट्रोलिंग यूनिट्स, सर्विलांस वाहन और आपातकालीन मार्गों पर भी तैनातियां सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर डॉ. शिवाजी राठौड़ (अपर पुलिस आयुक्त – दक्षिण विभाग), पुलिस उपायुक्त श्रीमती रश्मिता राव, श्री शशिकांत सातव (विशेष शाखा), सहायक पुलिस आयुक्त नरेंद्र हिवरे, सुधीर नंदनवार, विशाल शिरसागर, सतीश गुरव, माधुरी बाविस्कर तथा सक्करदरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री ठाकरे आदि अधिकारी भी उपस्थित थे।
Users Today : 2