ताजबाग में शाही संदल की धूम, देशभर से जुटे श्रद्धालु : 103वें सालाना उर्स में कलाकारों और धुमाल पार्टियों की पेशकश

Khozmaster
3 Min Read

ताजबाग में शाही संदल की धूम, देशभर से जुटे श्रद्धालु

103वें सालाना उर्स में कलाकारों और धुमाल पार्टियों की पेशकश, 25 लाख जायरीनों के लिए लंगर वितरण का भव्य इंतज़ाम

नागपुर, 22 जुलाई 2025

हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के 103वें सालाना उर्स के मौके पर नागपुर के ताजबाग क्षेत्र में मंगलवार को भव्य शाही संदल निकाला गया। सुबह 10 बजे बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट कार्यालय से प्रारंभ हुए इस संदल में देशभर से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शाही संदल में आकर्षक बैंड पार्टियों, सजीव घुड़सवार बग्घियों, विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और धुमाल पार्टियों की शानदार झलक देखने को मिली। श्रद्धालु संदल और चादर लेकर बाबा की मजार की ओर रवाना हुए। विभिन्न मार्गों से होते हुए संदल सायं ताजबाग वापस पहुँचा, जहाँ बाबा की दरगाह पर चादर पेश की गई।

इस अवसर पर हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से देशभर से आए श्रद्धालुओं के लिए विशेष लंगर वितरण का भी भव्य इंतज़ाम किया गया है। ट्रस्ट के अनुसार, उर्स के दौरान लगभग 25 लाख जायरीनों के लिए भोजन वितरण की व्यवस्था की गई है। ताजबाग परिसर के साथ ही शहर के विभिन्न स्थलों पर भी लंगर वितरित किया जा रहा है।

उर्स आयोजन की व्यवस्थाएँ ट्रस्ट के चेयरमैन श्री प्यारे जिया खान, सचिव श्री ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टीगण फारूकभाई बावला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफाभाई टोपीवाला, और हाजी इमरान खान ताजी के मार्गदर्शन में की गईं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं।

23 जुलाई को ताजबाग में ऑल इंडिया नातिया मुशायरा

उर्स के उपलक्ष्य में 23 जुलाई 2025 को रात 9 बजे ताजबाग दरगाह परिसर में ऑल इंडिया मनकबत नातिया मुशायरे का आयोजन होगा। इसमें देश के नामचीन शायर जैसे मिसम गोकलपुरी (बिहार), खुर्शीद हैदर (मुजफ्फरनगर), अल्ताफ जिया (मालेगांव), शजर माखनपुरी (उत्तर प्रदेश), समीर कबीर नगर समेत अनेक शायर अपनी नातिया रचनाएँ पेश करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की बाबा की मजार पर हाज़िरी

103वें सालाना उर्स के अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने हजरत बाबा ताजुद्दीन रह. अलैह की मजार पर हाज़िरी दी और देश-प्रदेश में अमन-चैन की दुआ माँगी। उन्होंने ताजबाग क्षेत्र के विकास को लेकर भी सकारात्मक पहल की बात कही और ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की।

श्रद्धालुओं से अपील

हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से शाही संदल एवं उर्स कार्यक्रमों में शामिल होकर बरकत प्राप्त करने की अपील की है।

0 9 4 1 9 9
Users Today : 2
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *