अपराध शाखा यूनिट क्रमांक ४ की तेज़तर्रार कार्रवाई: जबरन चोरी के आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
नागपुर | दिनांक 12 जून 2025 — सक्करदरा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई जबरन चोरी की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए अपराध शाखा यूनिट क्रमांक 4 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नागपुर पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता एक बार फिर सामने आई है।
शिकायतकर्ता विशाल धुदीराज मुंजे (39 वर्ष), निवासी भोले बाबा नगर, हुडकेश्वर, पेशे से ऑटो चालक हैं। 12 जून की शाम करीब 5:45 बजे वह बसेश्वर प्रतिमा के पास, स्माइल डेंटल हॉस्पिटल के नजदीक अपने ऑटो में ऑनलाइन सवारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी एक मोपेड (क्रमांक MH-49-CE-9603) पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास आए और तुकडोजी चौक जाने की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह केवल ऑनलाइन सवारी ही लेता है और उन्होंने मना कर दिया। इस पर दोनों युवकों ने उन्हें अश्लील गालियाँ दीं, धमकी दी और ऑटो में घुसकर मारपीट करते हुए उनके गले से चांदी की चेन और शर्ट की जेब से ₹300 नकद — कुल ₹2,100 की जबरन लूट कर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में सक्करदरा पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 309(4), 296, 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच के दौरान अपराध शाखा यूनिट क्र. 4 के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सटीक जाल बिछाकर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं:
1. अयान अली रिज़वान अली (22 वर्ष), निवासी हसनबाग, नागपुर
2. दानिश शेख मुल्लाजी (19 वर्ष), निवासी बीडीपेठ, सिंधीबन, ताजबाग, नागपुर
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के दौरान चोरी की गई चांदी की चेन और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹3,100 का माल बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए सक्करदरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह सराहनीय कार्रवाई मा. श्री रविंद्रकुमार सिंगल (पुलिस आयुक्त), मा. श्री नवीनचंद्र रेड्डी (संयुक्त पुलिस आयुक्त), मा. श्री वसंत परदेशी (अपर पुलिस आयुक्त – अपराध), मा. श्री राहुल माकणिकर (उप पुलिस आयुक्त – डिटेक्शन), तथा मा. श्री अभिजीत पाटिल (सहायक पुलिस आयुक्त – अपराध शाखा) के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक कमलाकर गड्डीमे और उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई।
इस तेज़ और सटीक कार्रवाई के लिए नागपुर पुलिस की हर तरफ सराहना की जा रही है।
Users Today : 21