कारगिल विजय दिवस – शौर्य और बलिदान की अमरगाथा प्रहार मिलिटरी स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

Khozmaster
3 Min Read

कारगिल विजय दिवस – शौर्य और बलिदान की अमरगाथा

प्रहार मिलिटरी स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

रविनगर स्थित प्रहार मिलिटरी स्कूल में कारगिल विजय दिवस अत्यंत उत्साहपूर्ण और देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सैनिकों ने कठिनतम परिस्थितियों में प्राणों की आहुति देकर कारगिल में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। इस अदम्य पराक्रम और बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष यह दिन विशेष रूप से मनाया जाता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत मंगलमय वातावरण में भारत माता पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात अमर जवान स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस वर्ष के कार्यक्रम की विशेषता रही कि कारगिल युद्ध के वीर योद्धा ब्रिगेडियर सुनील गावपांडे (सेवानिवृत्त) विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युद्ध के अपने अनुभवों को विद्यार्थियों के समक्ष अत्यंत हृदयस्पर्शी शैली में प्रस्तुत किया। उनके संबोधन से भारतीय सैनिकों के शौर्य, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति प्रेम की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट सीडीआर (डॉ.) विक्रांत मल्हान, सी.पी. एंड बेरार एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष अधिवक्ता अशोक बंसोड़, उपाध्यक्ष श्री भालचंद्र कागभट, सचिव श्री विजय कागभट, वायुसेना के ग्रुप कैप्टन श्रीराम बढे, तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वंदना कुलकर्णी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कारगिल विजय सप्ताह के अंतर्गत पूरे सप्ताह विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें – कारगिल विजय पर आधारित कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, साइटेशन लेखन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’, स्लाइड शो आदि प्रमुख रहे।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभागार में गहन भावनात्मक वातावरण निर्मित किया। इसके पश्चात प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, योग प्रदर्शन और तलवारबाजी के रोमांचक कार्यक्रमों ने दर्शकों में उत्साह और जोश भर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और जयघोष से सभागार गूंज उठा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना, सैन्य सेवा के प्रति प्रेरणा देना तथा वीर जवानों के अमर बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना था – और यह उद्देश्य पूर्णतः सफल रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती शोमा पाल ने किया। समापन के समय सभी उपस्थितजन खड़े होकर राष्ट्रगान गाते हुए कार्यक्रम का गौरवपूर्ण समापन किया गया।

इस अवसर पर सी.पी. एंड बेरार एजुकेशन सोसायटी से संबद्ध सभी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे और वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता एवं गौरव की भावना व्यक्त की।

जागरूकता बढ़ाएं, जीवन बचाएं: विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर महत्वपूर्ण अपील

सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा नागपुर में ‘कॉनकर एचपीवी एंड कैंसर कॉन्क्लेव 2025’ का आयोजन

सिंधी भाषा को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग — नीलम रहेवानी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

0 9 4 6 5 7
Users Today : 7
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *