नागपुर: शातिर अपराधी राहुल मेश्राम MPDA के तहत नजरबंद
नंदनवन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इलाके में अपराध पर लगेगा अंकुश
नागपुर | 6 अगस्त 2025
नंदनवन थाना क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर व खतरनाक अपराधी राहुल चंद्रभान मेश्राम (आयु 39 वर्ष, निवासी हिवरीनगर, देशपांडे लेआउट, नागपुर) को महाराष्ट्र राज्य के MPDA (खतरनाक गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम) कानून के तहत नागपुर के केंद्रीय कारागृह में नजरबंद किया गया है।
नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा शहर में सक्रिय रेकॉर्डधारी अपराधियों पर MPDA कानून के अंतर्गत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस आदेश के तहत नंदनवन पुलिस ने यह महत्त्वपूर्ण कार्यवाही की है।
राहुल मेश्राम के खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, अवैध हथियार रखना, गाली-गलौज और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज थे। पहले भी उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसके आपराधिक व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। उसकी आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय का वातावरण बन गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सहायक पुलिस आयुक्त (सक्करदरा डिवीजन), पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-4), अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण विभाग) के माध्यम से पुलिस आयुक्त, नागपुर शहर को प्रस्ताव भेजा गया था। उस प्रस्ताव के अनुसार पुलिस आयुक्त महोदय ने राहुल मेश्राम को MPDA अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत नजरबंद करने का आदेश जारी किया। इस आदेश के अनुसार, दिनांक 5 अगस्त 2025 को आरोपी को नागपुर केंद्रीय कारागृह में भेजा गया।
यह प्रभावी कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री विनायक कोळी के नेतृत्व में नंदनवन पुलिस थाने द्वारा की गई।
Users Today : 23