गोलीबारी कर व्यापारी से 50 लाख की लूट
नागपुर क्राइम ब्रांच ने चार शातिर बदमाशों को दबोचा, 21 लाख का माल बरामद
नागपुर :
जरीपटका थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात का नागपुर क्राइम ब्रांच ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन शातिर बदमाशों ने 10 सितंबर की शाम धान्य व्यापारी राजीव रूपचंद दिपानी पर जानलेवा हमला कर 50 लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद आरोपियों ने व्यापारी पर स्प्रे किया, तीन राउंड फायरिंग की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंगल के आदेश पर सात टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू हुई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर जब पता चला कि आरोपी नागपुर लौट रहे हैं, तो पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सिमरजीतसिंह संधु (40, पंजाब), शेख हुसैन उर्फ जावेद शेख (37, नागपुर), अब्दुल नावेद (33, नागपुर) और सैयद जिशान (32, नागपुर) शामिल हैं। इनके पास से दो कार, तीन दुपहिया वाहन, देसी मौजर, जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और नकद राशि सहित कुल 21 लाख 11 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त सिंगल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (क्राइम) वसंत परदेशी, डीसीपी (डिटेक्शन) राहुल माकणीकर और एसीपी (क्राइम ब्रांच) अभिजीत पाटिल के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की सात टीमों ने अंजाम दी। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
Users Today : 7