अपराध शाखा की चेन स्नैचिंग विरोधी टीम की बड़ी कार्रवाई
जरीपटका क्षेत्र में वाहन चोरी का मामला सुलझाया, एक आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :
नागपुर शहर अपराध शाखा अंतर्गत कार्यरत चेन स्नैचिंग विरोधी दस्ते ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए जरीपटका पुलिस थाना क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 1 अगस्त 2025 की रात 11.00 बजे से 2 अगस्त 2025 की सुबह 5.30 बजे के बीच, प्लॉट नंबर 314, सुगत नगर, जरीपटका, नागपुर निवासी फरियादी प्रज्वल बाबाराव वानखेडे (उम्र 28 वर्ष) ने अपनी होंडा एक्टिवा मोपेड (क्रमांक एमएच-49 एजी-3574, अनुमानित कीमत ₹25,000) को घर के सामने लॉक कर खड़ा किया था। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उक्त वाहन चोरी कर लिया। फरियादी की शिकायत पर जरीपटका पुलिस थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की समानांतर जांच के दौरान, अपराध शाखा की चेन स्नैचिंग विरोधी टीम पाचपावली थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोपेड सवार व्यक्ति पर संदेह होने पर उसे रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इमरान सराजुद्दीन अंसारी (उम्र 44 वर्ष, निवासी भीमरतन नगर, मोतीबाग, पाचपावली, नागपुर) बताया।
जब आरोपी से उसके कब्जे में मौजूद वाहन के संबंध में पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथी फरार आरोपी हनी नामक व्यक्ति के साथ मिलकर उक्त होंडा एक्टिवा चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा एक्टिवा मोपेड, जिसकी अनुमानित कीमत ₹40,000 है, बरामद कर जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी को बरामद माल के साथ जरीपटका पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह उल्लेखनीय कार्रवाई माननीय श्री रविंद्रकुमार सिंगल, पुलिस आयुक्त, नागपुर शहर, माननीय श्री नविनचंद्र रेड्डी, सहायक पुलिस आयुक्त, माननीय श्री वसंत परदेशी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध), माननीय श्री राहुल माकणिकर, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) तथा माननीय श्री अभिजीत पाटील, सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) के मार्गदर्शन में मसपोनि. श्रीमती मंगला हरदे एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
Users Today : 9