नागपुर महानगरपालिका चुनाव से पहले बड़ी पुलिस कार्रवाई, परिमंडल-4 से 138 अपराधी तड़ीपार
नागपुर। नागपुर महानगरपालिका चुनाव 2025-26 के मद्देनज़र शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक-4, नागपुर शहर के अंतर्गत 138 रिकॉर्डधारी अपराधियों को चुनाव समाप्ति तक तड़ीपार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव एन. (भापोसे) के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इसका उद्देश्य चुनावी अवधि के दौरान मतदाताओं पर दबाव, हिंसा, धमकी, पैसे बांटने तथा आपराधिक वर्चस्व जैसे मामलों पर रोक लगाना है।
तड़ीपार किए गए आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, रंगदारी, दहशत फैलाने और गंभीर मारपीट जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। आदेश के अनुसार, ये आरोपी परिमंडल-4 की सीमा में प्रवेश, निवास, सार्वजनिक कार्यक्रमों, सभाओं, जुलूसों और खुले रूप से घूमने पर प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि, मतदान के दिन उन्हें केवल अपने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालने की अनुमति दी गई है।
थाना-वार तड़ीपार आरोपियों की संख्या इस प्रकार है:
बेलतरोड़ी: 18
सक्करदरा: 20
नंदनवन: 15
अजनी: 23
इमामबाड़ा: 35
हुडकेश्वर: 27
कुल मिलाकर 138 अपराधियों पर यह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
फिलहाल शहर में चुनावी प्रक्रिया जारी है और 16 जनवरी तक आदर्श आचार संहिता लागू है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने, क्षेत्र में अवैध प्रवेश करने या सार्वजनिक शांति भंग करने की स्थिति में संबंधित आरोपियों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Users Today : 11