नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली विशेष सभा 6 फरवरी को
महापौर व उपमहापौर पद के लिए होगा चुनाव
नागपुर, 5 फरवरी:
नागपुर महानगरपालिका की हालिया आम चुनाव में निर्वाचित सभी नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली विशेष सभा शुक्रवार, 6 फरवरी को सुबह 11.00 बजे रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में आयोजित की गई है।
इस विशेष सभा में महापौर (महिला आरक्षित) तथा उपमहापौर पद के लिए चुनाव संपन्न होगा। साथ ही स्थायी समिति के 16 सदस्यों की नियुक्ति भी की जाएगी। इस विशेष सभा की सूचना मनपा आयुक्त एवं प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी द्वारा सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को दी गई है। सभा के दौरान जिल्हाधिकारी डॉ. विपीन इटनकर पीठासीन अधिकारी के रूप में उपस्थित रहेंगे।
महानगरपालिका के महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से नगरसेविका श्रीमती नीता ठाकरे, जबकि कांग्रेस की ओर से नगरसेविका श्रीमती स्नेहल ठाकरे ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं उपमहापौर पद के लिए भाजपा की नगरसेविका श्रीमती लीला हाथीबेड तथा कांग्रेस की ओर से नगरसेवक श्री विवेक निकोसे ने उम्मीदवार के रूप में आवेदन किया है।
विशेष सभा प्रारंभ होने के बाद पीठासीन अधिकारी द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके पश्चात नाम वापसी के लिए 15 मिनट का समय दिया जाएगा।
मनपा की निगम सचिव डॉ. रंजना लाडे ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों से अपील की है कि वे सभा में उपस्थित होते समय चुनाव विभाग द्वारा जारी सूचना पत्र तथा निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र (ज़ेरॉक्स प्रति) अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।
Users Today : 24