राज्य की प्रशासनिक सुधारों में नागपुर राजस्व और पुलिस विभाग का शानदार प्रदर्शन
150 दिनों की ई-गवर्नेंस मुहिम में राजस्व, पुलिस और जिला परिषद को क्रमशः प्रथम और द्वितीय पुरस्कार
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सह्याद्री अतिथि गृह में वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मान
नागपुर, 28 मार्च : आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और जनहितकारी प्रशासन का अनुभव मिले तथा बदलती तकनीक के अनुरूप शासकीय कार्यप्रणाली में सुधार हो, इस उद्देश्य से महाराष्ट्र शासन द्वारा चलाए गए 150 दिवसीय ई-गवर्नेंस अभियान में नागपुर विभाग ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अभियान में राजस्व, पुलिस और जिला परिषद को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
राज्य के विभागीय आयुक्त कार्यालयों की श्रेणी में नागपुर विभागीय आयुक्त कार्यालय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा विशेष पुलिस महानिरीक्षक (Special IGP) कार्यालय, नागपुर परिक्षेत्र को ई-गवर्नेंस और वेबसाइट विकास में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नागपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय को “आपले सरकार प्रणाली”, ई-ऑफिस और व्हाट्सएप चैटबॉट के प्रभावी उपयोग के लिए द्वितीय पुरस्कार दिया गया। नागपुर जिला परिषद को “ZP Panorama” डैशबोर्ड के माध्यम से प्रशासन में पारदर्शिता, कार्यक्षमता और निर्णय प्रक्रिया को गति देने के लिए सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित समारोह में पुलिस आयुक्त रविंद्र कुमार सिंगल, विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी, पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार तथा विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी की ओर से अपर आयुक्त राजेश खवले को सम्मानपत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अभियान के तहत कार्यालय की वेबसाइट, आपले सरकार प्रणाली, ई-ऑफिस, डैशबोर्ड, व्हाट्सएप चैटबॉट, एआई, ब्लॉकचेन और जीआईएस जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों में नागपुर ने विशेष उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर विभाग की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि, “ई-गवर्नेंस केवल तकनीकी पहल नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम है। नागपुर विभाग का कार्य अन्य विभागों के लिए आदर्श है।”

वहीं राजस्व मंत्री एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने कहा कि, बदलती तकनीक का प्रभावी उपयोग जितना अधिक होगा, उतना ही लोगों को पारदर्शी और सुगम प्रशासन का अनुभव मिलेगा। नागपुर के राजस्व, पुलिस और जिला परिषद द्वारा प्राप्त यह सफलता सराहनीय है और इसे और मजबूत किया जाना चाहिए।
विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी ने इस सफलता को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि, भविष्य में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से प्रशासन को और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा। नागरिकों को तेज, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना ही हमारी प्राथमिकता रहेगी।

Users Today : 66