भिवापुर में अवैध रेत तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज
₹1.31 करोड़ का मुद्देमाल जब्त, 5 टिप्पर वाहन कब्जे में
नागपुर, 30 मार्च — भिवापुर पुलिस ने अवैध रूप से रेत की चोरी और परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 टिप्पर वाहनों सहित कुल ₹1,31,80,000 का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस द्वारा 28 और 29 मार्च 2026 को विशेष नाकाबंदी एवं पेट्रोलिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। विभिन्न स्थानों पर बिना वैध अनुमति के रेत परिवहन करते हुए वाहन पकड़े गए।
पहली कार्रवाई 28 मार्च को नांद फाटा के समीप की गई, जहां एक टिप्पर (MH-40/BL-3400) से 6 ब्रास रेत सहित ₹20.30 लाख का माल जब्त किया गया।
इसके बाद 29 मार्च को पोस्टे टी-पॉइंट, जिचकार सभागृह परिसर तथा तहसील टी-पॉइंट क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर 4 टिप्पर पकड़े गए। इन वाहनों से कुल 30 ब्रास रेत सहित लाखों रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया।
सभी मामलों में वाहन चालकों से रेत परिवहन का वैध परमिट मांगने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने पंचनामा कर वाहनों और रेत को जब्त किया।
इस पूरी कार्रवाई में कुल 36 ब्रास रेत और 5 टिप्पर वाहन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत ₹1,31,80,000 आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों (चालक एवं वाहन मालिक) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5), 49 तथा महाराष्ट्र जमीन महसूल संहिता 1966 की धारा 48(7), 48(8) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए हैं।
भिवापुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।
Users Today : 44