नागपुर: ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेले में उमड़ी भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
नागपुर में दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित 32वें ऑरेंज सिटी क्राफ्ट मेले में चौथे दिन (30 मार्च 2026) हस्तशिल्प स्टॉलों पर नागरिकों की भारी भीड़ देखने को मिली। मेले में खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
शाम 6:30 बजे से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। मणिपुर का लाई हरोबा नृत्य, आंध्र प्रदेश का गर्गलु, उत्तर प्रदेश का डेढ़िया और झुमर, मध्य प्रदेश का गुदुमबाजा, राजस्थान का सेहरिया स्वांग, गुजरात का तलवार रास और बेड़ारास तथा गोवा का घोड़े मोडनी नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती श्वेता शेलगांवकर ने किया।
31 मार्च 2026 को शाम 6:30 बजे आशादीप फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों द्वारा “दिव्यरंग दिव्यांगांचे” की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद दिल्ली की प्रसिद्ध गायिका प्रियंका गहरवार लोकसंगीत एवं भजन प्रस्तुत करेंगी।
1 अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के गायक मुकेश चौहान द्वारा “कबीर गायन” प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात नांदेड़ की सप्तरंग सेवा भावी संस्था की डॉ. सानवी जेठवानी के मार्गदर्शन में ट्रांसजेंडर कलाकारों द्वारा महाराष्ट्र के लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
2 से 5 अप्रैल 2026 के बीच प्रतिदिन शाम 6:30 बजे विभिन्न राज्यों के लोक एवं आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें गुजरात का सिध्दी धमाल, राजस्थान का लाल आंगी गेर, तेलंगाना का माथुरी नृत्य, ओडिशा का शंखवादन, कर्नाटक का ढोलु कुनिथा, पश्चिम बंगाल का छाऊ और असम का बोरो नृत्य शामिल हैं।
यह मेला 5 अप्रैल 2026 तक चलेगा। मेले में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 30 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। दोपहर 2 बजे से क्राफ्ट मेला एवं फूड ज़ोन शुरू हो जाता है, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से आयोजित किए जाते हैं। पार्किंग की व्यवस्था देशपांडे सभागृह में सशुल्क उपलब्ध है।
मेले की निदेशक आस्था कार्लेकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें।

Users Today : 47