नागपुर मनपा में प्रभाग रचना सुनवाई का हंगामा: गेट बंद, पार्किंग संकट और नागरिक बेहाल
नागपुर, 9 सितंबर 2025
नागपुर महानगरपालिका की आगामी सार्वत्रिक चुनाव की तैयारी के तहत 23 अगस्त 2025 को जारी प्रारूप प्रभाग रचना पर दर्ज 115 आपत्तियों व सुझावों की सुनवाई आज (मंगलवार) सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय, सिविल लाइंस, नागपुर में आयोजित की गई। इस सुनवाई के लिए महाराष्ट्र शासन ने प्राधिकृत अधिकारी के रूप में श्रावण हर्डीकर (भा.प्र.से.), प्रबंध निदेशक, महाराष्ट्र मेट्रो रेल की नियुक्ति की है। आयुक्त तथा प्रशासक भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
सुनवाई के चलते मनपा मुख्यालय के गेट बंद कर दिए गए। इससे दफ्तर में कामकाज के लिए आने वाले नागरिकों व सुनवाई में शामिल होने आए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने से वाहन चालकों को बाहर “नो पार्किंग” ज़ोन में वाहन खड़ा करना पड़ा और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का डर बना रहा।
आज मंगलवार और कार्य दिवस होने से बड़ी संख्या में लोग मनपा दफ्तर पहुँचे। सुनवाई में शामिल नागरिकों को गर्मी और पीने के पानी की व्यवस्था न होने के कारण परेशानी उठानी पड़ी। अव्यवस्था के चलते नागरिकों में नाराज़गी का माहौल रहा।


Users Today : 13