एल.ए.डी. कॉलेज बस स्टॉप के पास भीषण सड़क हादसा
ई-बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
नागपुर, 17 सितम्बर: शहर में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सेमिनरी हिल्स स्थित एल.ए.डी. कॉलेज बस स्टॉप के सामने ई-बस और मोटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा शाम 6 बजे के करीब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे शहर बस (MH49 BZ 2762, ई-बस – PMI Withoon) फुलेरा कॉलोनी से पिपला फाटा मार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल (MH49 V 8025) अचानक बस से टकरा गई।
तीन युवक सड़क पर गिरे
तेज रफ्तार में हुई टक्कर के कारण मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक और घायल युवक लालगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
बस चालक–कंडक्टर से पूछताछ
हादसे में शामिल बस 4E/15A रूट (फुलेरा कॉलोनी से पिपला फाटा) पर थी। बस चालक संतोष उइके (ID 41413) और कंडक्टर विठ्ठल गेडाम (ID 72209) से पुलिस पूछताछ कर रही है।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की जांच जारी है।

Users Today : 9