नागपुर : “धरा सेवा–शिव सेवा 2025” के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण अभियान
युवा अभ्युदय मिशन, पवन चिंतन धारा आश्रम का युवा प्रकल्प, और रायसोनी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जी.एच. रायसोनी, सायखेड़ा परिसर में 4.5 एकड़ भूमि पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का शुभारंभ कुलगुरु डॉ. मीना राजेश तथा युवा अभ्युदय मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक रोहित अरोरा के करकमलों से हुआ।

इस अवसर पर गाज़ियाबाद स्थित पवन चिंतन धारा आश्रम की कोर कमिटी सदस्य सुहानी प्रताप सिंह और परिधि पराशर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। नागपुर इकाई के डॉ. संजय अंदुरकर, रूपाली कांबले, सोनल कायलकर, श्रेयस अंदुरकर, पंकज हजारिया, आरती हजारिया और अंशित कायलकर सहित आश्रम के सदस्य और मिशन के युवा स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।

रायसोनी समूह के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक एवं छात्रों ने मिलकर सागौन और बांस की 2,800 छायादार पौधों का रोपण किया। वृक्षारोपण के बाद छात्रों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा लगाए गए पौधों की देखभाल की ज़िम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई, ताकि युवाओं में प्रकृति के प्रति प्रेम और करुणा की भावना जागृत हो।
पवन चिंतन धारा आश्रम के संस्थापक और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पवन सिन्हा ‘गुरुजी’ ने वर्ष 2019 में “धरा सेवा–शिव सेवा” अभियान का शुभारंभ किया था। इस अभियान के तहत प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में देशभर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई जाती है। बीते छह वर्षों में 60 से अधिक शहरों में लगभग 3 लाख पौधे लगाए गए, जिसमें 6,000 से अधिक स्वयंसेवकों का योगदान रहा है।

इस वर्ष भी सावन मास में यह कार्य निरंतर जारी है और अब तक लगभग 5,000 पौधे विभिन्न स्थानों पर रोपे जा चुके हैं। इस अवसर पर डॉ. मृणालिनी नाइक एवं आदित्य भंडारी का विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात छात्रों के साथ राष्ट्र, संस्कृति और अध्यात्म से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पहल और संवाद सराहनीय रहा।
नागपुर में पहली बार सुई-रहित टीकाकरण, बच्चे को दिया गया दर्दरहित इंजेक्शन
नागपुर कृषि उत्पन्न बाजार समिति में बड़ा घोटाला — SIT गठित, भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई के संकेत🔹
जो बच्चों को भूखा नहीं सोने देते थे, आज वही अपने हक़ के लिए भूखे बैठे हैं!
Users Today : 1